नाहन (सिरमौर)। महामाया बालासुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में आने वाले श्रद्धालुओं को आने वाले दिनों में पीने के पानी और शौचालय की बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। मंदिर न्यास बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त सिरमौर एवं आयुक्त त्रिलोकपुर मंदिर न्यास रामकुमार गौतम ने कहाकि त्रिलोकपुर आस्था के साथ-साथ पर्यटन का भी एक पसंदीदा स्थल बनता जा रहा है, जिससे यहां हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुविधाओं को भी बढ़ाया जाएगा। बैठक में उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग और पुलिस विभाग को कालाअंब से त्रिलोकपुर आने वाले मार्ग पर रेहडी-फड़ी न लगाए जाने के निर्देश दिए ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से चल सके।
उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर रेहडी-फड़ी और मीट की दुकानों को लेकर अंबाला प्रशासन से भी बात की जाएगी। उन्होंने बताया कि मंदिर न्यास की वेबसाइट को और विकसित और आकर्षक बनाया जाएगा। इस दौरान बैठक में कई विकासात्मक परियोजनाओं पर चर्चा की गई जिन्हें जल्द ही क्रियान्वित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कुछ विकासात्मक परियोजनाओं का धरातल पर लाने के लिए समितियों का गठन किया गया है। उनकी रिपोर्ट अनुसार कार्यों को किया जाएगा। आगामी 14 जनवरी को मकर संक्रांति के दिन मंदिर भवन के ऊपर झंडा स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा नवनिर्मित यात्री निवास भवन-2 में लिफ्ट का प्रावधान करने के बाद उसका लोकार्पण भी जल्द किया जाएगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सिरमौर ओमापति जम्वाल, सहायक आयुक्त डॉ. प्रियंका चंद्रा, तहसीलदार मायाराम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व मंदिर न्यास के गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।