स्वास्थ्य खंड धगेड़ा ने बीसीजी टीकाकरण को लेकर शुरू किया सर्वे
टीबी को जड़ से खत्म करने के लिए इस टीकाकरण का रहेगा योगदान : मीना शर्मा
शहर के वार्ड नंबर 8 रानीताल में आशा कार्यकर्ता ने टीकाकरण पर किए जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के धगेड़ा खंड की ओर से नाहन में वयस्क बीसीजी टीकाकरण को लेकर हेड काउंट सर्वे शुरू हो गया है। आशा कार्यकर्ता अपने-अपने इलाके में हर घर और दुकान पर जाकर लोगों को बीसीजी टीकाकरण को लेकर विस्तृत जानकारी दे रहीं हैं।
इसी कड़ी में शहर के वार्ड नंबर 8 रानीताल की आशा कार्यकर्ता मीना शर्मा ने सोमवार को क्षेत्र में व्यापक अभियान छेड़ा। मीना शर्मा ने वार्ड के हर घर और दुकान में जाकर पात्र वयस्क लोगों से मुलाकात की और उनको बीसीजी टीकाकरण को लेकर विस्तृत जानकारी दी।
मीना शर्मा ने लोगों को बताया कि टीबी को जड़ से खत्म करने के लिए इस टीकाकरण का अहम योगदान रहेगा।
उन्होंने कहा कि ये काफी पुरानी वैक्सीन है, जो पहले सभी बच्चों को लगाई जाती थी। अब ये वयस्क लोगों को भी लगाई जाएगी।
इस दौरान आशा कार्यकर्ता ने टीकाकरण को लेकर लोगों की सहमति और असहमति पर भी चर्चा की। जिन लोगों ने ये टीका लगवाने के लिए सहमति प्रकट की उनके नाम नोट किए। मीना शर्मा ने बताया कि हेड काउंट सर्वे (घर-घर जाकर) के दौरान अभी लोगों को इसके बार में जागरूक करते हुए उनकी सहमति नोट की जा रही है। इसके बाद उनका प्री- रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। अगले महीने से बीसीजी टीकाकरण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
स्वास्थ्य खंड धगेड़ा की बीएमओ मोनीषा अग्रवाल ने बताया कि जिन लोगों को पांच वर्ष के बीच में टीबी हुई हो, तीन साल के बीच टीबी रोगियों के संपर्क में रहे हों, अत्यंत दुबले पतले (जिनका बीएमआई 18 से कम), धूम्रपान करने वाले और मधुमेह रोग से पीड़ित और जिनकी आयु 60 वर्ष से कम हो ये सभी टीकाकरण के पात्र होंगे। आशा कार्यकर्ता ऐसे लोगों की मौखिक सहमति ले रही हैं। इसके लिए हेड काउंट सर्वे शुरू कर दिया गया है।
-संवाद