रविवार को देर रात ग्रामीणों और ठेकेदार के प्रतिनिधियों के बीच बैठक में हुआ फैसला
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। धौलाकुआं में बिजली लाइन बिछाने के दौरान खंभे से गिरकर मजदूर की मौत के मामले में पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। रविवार देर रात प्रशासन की मौजूदगी में ग्रामीणों, पीड़ित परिवार और ठेकेदार के प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक में मुआवजे पर सहमति बनने के बाद सोमवार को मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार किया।
गौरतलब है कि रविवार सुबह धौलाकुआं में बिजली लाइन बिछाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान धौलाकुआं निवासी बारूराम (45) पुत्र रामपाल की कथित रूप से करंट लगने के बाद बिजली के खंभे से गिरकर मौत हो गई थी। हादसे के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया था।
परिजनों का आरोप था कि ठेकेदार ने मजदूरों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए थे। साथ ही कार्य शुरू करने से पहले बिजली बोर्ड को भी सूचना नहीं दी गई थी। हादसे के बाद ठेकेदार के मौके पर नहीं पहुंचने से भी ग्रामीणों में नाराजगी थी। उन्होंने ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज करने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिए जाने तक पोस्टमार्टम नहीं कराने का फैसला लिया था।
मृतक बारूराम अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी और चार बेटियां हैं। घटना के बाद परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। रविवार शाम ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल एसडीएम पांवटा साहिब से मिला, जिसके बाद प्रशासन के निर्देश पर देर रात दोनों पक्षों के बीच वार्ता हुई।
मृतक के चाचा मोहन लाल और समाजसेवी संजय चौधरी ने बताया कि बैठक में ठेकेदार ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और हादसे से संबंधित बीमा क्लेम की राशि दिलाने पर सहमति जताई। इसके बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने की अनुमति दी। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
उधर, सिरमौर के पुलिस अधीक्षक एनएस. नेगी ने बताया कि ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। माजरा थाना पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।