-मॉडल, साइंस क्विज और गणित ओलंपियाड में पाया पहला स्थान
-सैनवाला में हुई उपमंडलीय प्रतियोगिता में करीब 33 स्कूलों ने लिया हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सैनवाला में आयोजित उपमंडलीय स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में अरिहंत इंटरनेशनल विद्यालय नाहन के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने तीन अलग-अलग प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल किया।
मॉडल प्रतियोगिता में कक्षा 11वीं वाणिज्य संकाय के चिराग और आर्यन ने प्रथम स्थान हासिल किया। वरिष्ठ वर्ग की विज्ञान प्रश्नोत्तरी में कक्षा दसवीं के नीरज और अरुष कटोच की टीम प्रथम रही। वहीं गणित ओलंपियाड में कक्षा दसवीं के अनिरुद्ध शर्मा ने पहला स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में करीब 33 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार विद्यार्थियों की सफलता में विज्ञान एवं गणित विभाग के शिक्षकों तथा गतिविधि समन्वयक संजीव अत्री का विशेष योगदान रहा।
प्रधानाचार्या स्टिमी मारिया ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक गतिविधियों के साथ विज्ञान, गणित और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में भी अवसर उपलब्ध करवाता है।
विद्यालय के चेयरमैन अनिल जैन, महासचिव सचिन जैन और अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे सम्यक जैन ने भी विद्यार्थियों को बधाई दी और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
सैनवाला स्कूल में मुख्यातिथि व शिक्षकों के साथ बाल विज्ञान कांग्रेस के विजेता विद्यार्थी। संवाद