बाडथल मंधाना से कोलर सड़क निर्माण को मिली हरी झंडी
जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों को आपस में जोड़ेगी सड़क
पड़ोसी राज्य तक पहुंचने में कम होगी 15 से 18 किलोमीटर की दूरी
योगेंद्र अग्रवाल
ददाहू (सिरमौर)। जिले की तीन विधानसभा क्षेत्र को आपस में जोड़ने वाली बाडथल मधाना से कोलर वाया जंगलोट सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने से धारटीधार क्षेत्र में खुशी का माहौल है। वन एवं पर्यावरण विभाग ने करीब 10 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण को लेकर तकनीकी खामियों को दूर करके हरी झंड़ी प्रदान की है। सभी प्रकार की औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद इसके निर्माण की ओर से कदम बढ़ाया जा सकेगा।
उल्लेखनीय है कि धारटीधार क्षेत्र के बाडथल मंधाना से कोलर वाया जंगलोट व फांदी बोदीवाला सड़क निर्माण को लेकर बीते एक दशक से ही प्रयास किए जा रहे थे। इसकी वन विभाग की ओर से स्वीकृति मिलने के बावजूद भी वहां कई तकनीकी खामियां आड़े आ रहीं थीं जिनको पूर्ण कर लिए जाने के बाद सचिव, वन विभाग हिमाचल प्रदेश ने सड़क निर्माण के आदेश पारित कर दिए हैं।
इस सड़क के बनने से धारटीधार क्षेत्र की करीब आधा दर्जन पंचायत के यात्रियों को पड़ोसी राज्य यमुनानगर, बिलासपुर, चंडीगढ़, अंबाला, देहरादून आदि स्थानों पर जाने के लिए 15 से 18 किलोमीटर की दूरी कम तय करनी पड़ेगी। यात्री बाडथल मंधना से मात्र 10 किलोमीटर का सफर तय करके कोलर पहुंंच सकेंगे और यह सड़क रेणुका विधानसभा क्षेत्र से शुरू होकर नाहन विधानसभा क्षेत्र के फांदी बोदीवाला, कोलर होते हुए सीधे पांवटा विधानसभा क्षेत्र में मिलेगी।
यही नहीं इससे रेणुका विधानसभा क्षेत्र के हरिपुरधार तक की पंचायत को सीधा लाभ मिलेगा और यात्री अब नाहन होकर जाने की बजाय कोलर से ही पड़ोसी राज्यों में पहुंच सकेंगे। सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने से धारटीधार क्षेत्र के लोकेंद्र ठाकुर, नरेश चौधरी, नरेंद्र सिंह, जगपाल सिंह, सुदर्शन, कमलेंद्र व सतपाल सहित अन्य लोगों ने भारी खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू व विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार सहित वन विभाग के उच्चाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए सड़क के जल्द निर्माण की उम्मीद जाहिर की है।
-संवाद