डीसी-एसडीएम को ज्ञापन सौंप कर तुरंत बिजली की लाइन हटाने की मांग
पीड़ित परिजनों, ग्रामीणों और श्री पांवटा साहिब विकास मंच ने सौंपा ज्ञापन
बद्रीपुर-पुरुवाला मार्ग के बीच बिजली पोल से टकराकर बाइक चालक युवक की हुई थी मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। रविवार देर रात को बद्रीपुर से पुरुवाला सड़क पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में भगवानपुर निवासी 24 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत पर लाेगों में रोष है। इस हादसे में युवक की बाइक बीच सड़क में लगे खंभे से टकरा कर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इसमें युवक की जान चली गई थी। बुधवार को पीड़ित परिजन, क्षेत्र के ग्रामीण व श्री पांवटा साहिब विकास मंच के प्रतिनिधिमंडल ने डीसी सिरमौर व एसडीएम पांवटा साहिब के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है।
बता दें कि विगत रविवार रात को पांवटा साहिब किशनपुरा से पुरुवाला के लिए बनी सड़क के बीचों-बीच बिजली लाइन होने से सड़क हादसा हुआ। हादसे में भगवानपुर निवासी 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की मां सगरी समेत परिजनों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है।
ज्ञापन में कहा है कि सड़क चौड़ीकरण मार्ग कार्य पूरा होने पर मीडिया ने दोनों विभागों के संज्ञान में मामला लाया था। सड़क को चौड़ा कर दिया गया, लेकिन बिजली के खंभे और लाइन व ट्रांसफार्मर बीच में ही रह गए। परिजनों का कहना है कि रविवार को इस मार्ग पर हादसे में नौजवान बेटा हमेशा के लिए खो दिया। इन खंभों को सड़क से तुरंत हटाया जाए ताकि फिर कोई वाहन चालक हादसे का शिकार होकर अपनी जान न खो दे। सरकार से इस मामले की उचित जांच व परिवार को 50 लाख मुआवजा प्रदान करने की मांग उठाई गई है।
श्री पांवटा साहिब विकास मंच अध्यक्ष ज्ञान सिंह चौहान व अधिवक्ता रविंद्र ठाकुर ने बताया कि उपायुक्त सिरमौर व पांवटा एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंप दिया गया है। इस मामले की उचित जांच की मांग रखी है। पीड़ित परिजनों को प्रदेश सरकार मुआवजा प्रदान करें। अधिवक्ता रविंद्र ठाकुर ने बताया कि उपायुक्त सिरमौर व पांवटा एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंप दिया गया है। रविंद्र ठाकुर ने कहा कि दुखद घटना हुई है। पीड़ित परिवार का ये मामला अदालत में निशुल्क लड़ेंगे।
संवाद