विश्व रंगमंच दिवस पर सावधानी हटी, दुर्घटना घटी नुक्कड़ नाटक किया पेश, वरिष्ठजन सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। विश्व रंगमंच दिवस पर नाहन में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हिमजनक मंच, ज्ञान-विज्ञान समिति, वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति और आस्था वेलफेयर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नशा निवारण और सड़क सुरक्षा के बारे में लोगों को सचेत करना रहा।
कार्यक्रम में शहर के वरिष्ठ रंगकर्मियों ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद डीएड की छात्राओं ने मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत किया। संस्था अध्यक्ष केएस नेगी ने सभी अतिथियों और दर्शकों का स्वागत किया। सड़क सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करने के लिए आरटीओ सिरमौर (नाहन) के सहयोग से सावधानी हटी, दुर्घटना घटी शीर्षक पर आधारित नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। दर्शकों ने नाटक के माध्यम से दिए गए संदेश की खूब सराहना की। इसके अलावा प्राची चौहान और उनके साथियों ने पारंपरिक हारी लोकनृत्य से समां बांध दिया। इस अवसर पर कला और समाज सेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया। विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रंगकर्मी आरके सैनी, नासिर यूसुफजई और नीरज गुप्ता को विशेष सम्मान दिया गया।
इस दौरान वरिष्ठ नागरिक ओम लाल चौहान, गुरुदेव धीमान, वीर सिंह, नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन संजीव शर्मा, अलका जुनेजा, रुची शर्मा समेत लोक नाट्य व लोक नृत्य से जुड़े कई कलाकार उपस्थित रहे।