राजकीय महाविद्यालय सराहां में साइबर जागरूकता पर हुआ कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से राजकीय महाविद्यालय सराहां में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों और शिक्षकों को ऑनलाइन ठगी, साइबर बुलिंग, फर्जी कॉल और ओटीपी फ्रॉड जैसे साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए।कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गुलशन कुमार धीमान ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों से साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी को अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया। डिजिटल माध्यमों का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने की सलाह दी।
मुख्य वक्ता प्रो. देवेंद्र सिंह ने कहा कि ऑनलाइन बैंकिंग, सोशल मीडिया और डिजिटल भुगतान का उपयोग करते समय सतर्कता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को मजबूत पासवर्ड रखने, किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी एवं बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा संदिग्ध कॉल और संदेशों से सावधान रहने की सलाह दी।
कार्यक्रम में डॉ. राजन कौशल, डॉ. मोल्लम डोलमा, प्रो. जीना गुप्ता, डॉ. रीमा शर्मा, प्रो. कृष्ण दत्त, डॉ. प्रियंका सराओ, अधीक्षक आशीष गोतम, वरिष्ठ सहायक संजीव कुमार मौजूद रहे।