ग्रिल काटने की आवाज सुन पंप ऑपरेटर ने रोकने की कोशिश की, हाथापाई के बाद भागे संदिग्ध
ग्रामीणों के पहुंचने से पहले अंधेरे में फरार, उत्तराखंड नंबर की कार मौके पर छोड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिमाचल-उत्तराखंड सीमा पर टौंस नदी किनारे स्थित किल्लौड़ उठाऊ पेयजल एवं सिंचाई योजना में शनिवार देर रात चोरी का प्रयास हुआ। ग्रिल काटने की आवाज सुनकर पंप ऑपरेटर सुरजीत सिंह मौके पर पहुंचा और संदिग्धों को रोकने की कोशिश की।
इस दौरान हाथापाई हुई। शोर सुनकर ग्रामीण भी पहुंचे, लेकिन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए और अपनी उत्तराखंड नंबर की कार मौके पर छोड़ गए। सूचना मिलने के बाद पुरुवाला थाना के तहत सिंघपुरा चौकी प्रभारी एएसआई अमित ठाकुर, हंसराज समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। योजना से कुछ दूरी पर मिली कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस वाहन के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता पांवटा साहिब जितेंद्र ठाकुर ने बताया कि पंप ऑपरेटर की सतर्कता से चोरी की कोशिश नाकाम हो गई। विभाग ने पुलिस को शिकायत देकर मामले की जांच का आग्रह किया है।