संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग खंड धगेड़ा की ओर से आशा कार्यकर्ताओं के लिए नाहन में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इसमें सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी रचना ने आशा कार्यकर्ताओं को बुजुर्गों से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं, उनकी पहचान और नियमित देखभाल के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बढ़ती उम्र के साथ बुजुर्गों में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, जोड़ों का दर्द, सांस संबंधी समस्याएं और मानसिक तनाव जैसी बीमारियां आम हो जाती हैं। इन पर विशेष ध्यान देने की जरूरत होती है। आशा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया कि वे घर-घर जाकर ऐसे बुजुर्गों की पहचान करें, जो अकेले रहते हैं या जिनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है।
बता दें कि खंड आशा कार्यकर्ताओं को फेज वाइज प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में 26 के करीब आशा कार्यकर्ता भाग ले रहीं हैं। संवाद