एससीवीटी बेरोजगार संघ ने नाहन में बैठक के दौरान प्रदेश भर के स्कूलों में रिक्त चल रहे कला एवं शारीरिक शिक्षकों के पदों को लेकर चर्चा की। संघ ने प्रदेश सरकार को चेताया कि यदि जल्द ही इन पदों पर भर्ती नहीं हुई तो उन्हें मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए रवि शर्मा ने बताया कि कांग्रेस सरकार ने वर्ष 2005 में एससीवीटी के माध्यम से हजारों छात्रों को कला व शारीरिक शिक्षा का प्रशिक्षण करवाया था लेकिन बाद में सरकार ने इनकी भर्ती के लिए कोई कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जब अन्य शिक्षकों की भर्ती कर रही है तो उनके साथ ही यह भेदभाव क्यों किया जा रहा है।
एससीवीटी बेरोजगार संघ ने बताया कि आरटीआई से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के 10 जिलों में कला अध्यापकों के 1054 पद खाली पड़े हैं। जबकि दो जिलों के आंकड़े आने अभी शेष हैं। हालांकि प्रदेश सरकार ने आश्वासन दिया है कि वह आगामी 2 वर्षों में 2500 नई भर्तियां करेगी। एससीवीटी बेरोजगार संघ ने आशा व्यक्त की है कि सरकार कला एवं शारीरिक शिक्षकों के रिक्त पदों को भी भरेगी क्योंकि कांग्रेस के कार्यकाल में ही उन्हें एससीवीटी के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया था।
बैठक में प्रदीप शर्मा, राजेंद्र भारद्वाज, सुरेश, संतोष, पूजा, नीलम, किरण, दिव्या, कल्पना, दिनेश, सुभाष, मनीष, यशपाल, अजय, वेद प्रकाश, नम्रता व अदिति सहित दर्जनों एससीवीटी बेरोजगार संघ के छात्र मौजूद थे।