रेसलर ग्रेट खली उर्फ दलीप सिंह राणा की पंचायत नैनीधार में पीने के पानी को लेकर हाहाकार मच गया है। बारिश व बर्फबारी न होने के कारण क्षेत्र के प्राकृतिक जल स्रोत का लेवल काफी नीचे चला गया है। जल स्रोत में पानी कम होने के कारण नैनीधार, धिराइना, घाटी बाजार, कलोग, भोड़ व खदराड़ी गांव में पीने के पानी की गंभीर समस्या पैदा हो गई है। लगभग 2 हजार से अधिक आबादी वाली नैनीधार पंचायत में पानी की कुल खपत लगभग एक लाख 40 हजार लीटर है।
हैरानी की बात यह है कि पंचायत के लिए बनी पेयजल परियोजनाओं से रोजाना मात्र पांच हजार लीटर पानी उपलब्ध हो रहा है। इन गांवों के लोगों को पीने के पानी की बूंद- बूंद के लिए तरसना पड़ रहा है। पंचायत के लोगों को पीने का पानी तीन किमी दूर से पीठ पर ढोकर लाना पड़ रहा है। कई लोग गाड़ियों में भरकर पानी ला रहे हैं। नैनीधार से सटी शखोली पंचायत की हालत भी कमोवेश ऐसी ही बनी हुई है।
पंचायत के शंखोली, खाड़ी, थुंबाड़ी व खड़काह आदि गांव में भी पिछले एक महीने से पीने के पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। इस पंचायत की आबादी लगभग 1800 से अधिक है।
बाक्स...
जिप अध्यक्ष की पेयजल समस्या को लेकर चिंतित
जिला परिषद अध्यक्ष दलीप चैहान ने बताया कि नैनीधार व शंखोली पंचायतों में पीने के पानी की गंभीर समस्या है। उन्होंने बताया कि नैनीधार उठाऊ पेयजल योजना को शीघ्र चालू करना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना का लगभग 95 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। शेष बचे पांच फीसदी कार्याें को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
बाक्स...
क्या कहते हैं अधिकारी
सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग उप मंडल हरिपुरधार में कार्यरत एसडीओ एचसी चेची ने बताया कि फरवरी माह में नैनीधार उठाऊ पेयजल परियोजना के फेज 2 के लिए बनाए जा रहे स्टोर टैंक का लेंटर डालने का कार्य शेष बचा है। फरवरी में कार्य पूरा हो जाएगा। फेज 2 का कार्य पूरा होते ही इस परियोजना को चालू कर दिया जाएगा। इसके तुरंत बाद ही फेज 3 का कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा।