गुरुकुल पीच वैली स्कूल राजगढ़ में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। गुरुकुल पीच वैली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल राजगढ़ में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के अध्यक्ष सतीश ठाकुर ने किया। इस अवसर पर विद्यालय की शैक्षणिक निदेशिका अंबिका ठाकुर, प्रधानाचार्या अनु दानी और उपप्रधानाचार्या प्रियंका चंदेल भी मौजूद रहीं। प्रतियोगिता के प्रारंभ में विद्यालय के चारों सदनों के विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी।
प्रतियोगिता में कक्षा छह से आठ और कक्षा नौ से 12 वर्ग के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग लिया। प्रतियोगिता में बैडमिंटन, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल के मुकाबले हुए। इसके साथ ही एथलेटिक्स में 100, 200, 400 और 600 मीटर दौड़ के अलावा रिले रेस, हाई जंप, लॉन्ग जंप, जेवलिन थ्रो और शॉटपुट करवाए गए। विद्यार्थियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
कक्षा छह से आठ वर्ग के बैडमिंटन छात्र वर्ग में अरावली सदन ने पहला और शिवालिक सदन ने दूसरा स्थान हासिल किया। छात्रा वर्ग में शिवालिक सदन विजेता और हिमालय सदन उपविजेता रहा। बास्केटबॉल छात्र वर्ग में हिमालय सदन ने पहला और शिवालिक ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। छात्रा वर्ग में शिवालिक सदन विजेता और हिमालय सदन उपविजेता रहा। वॉलीबॉल छात्र वर्ग में अरावली सदन प्रथम और हिमालय सदन द्वितीय रहा, जबकि छात्रा वर्ग में शिवालिक सदन ने पहला स्थान हासिल किया।
कक्षा नौ से 12 वर्ग के बैडमिंटन छात्र वर्ग में शिवालिक सदन विजेता और हिमालय सदन उपविजेता रहा। छात्रा वर्ग में अरावली सदन ने पहला और शिवालिक सदन ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। बास्केटबॉल छात्र वर्ग में हिमालय सदन प्रथम और शिवालिक सदन द्वितीय रहा, जबकि छात्रा वर्ग में शिवालिक सदन विजेता और अरावली सदन उपविजेता रहा। वॉलीबॉल के छात्र एवं छात्रा दोनों वर्गों में शिवालिक सदन ने प्रथम और हिमालय सदन ने द्वितीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के समग्र प्रदर्शन के आधार पर ध्यान चंद ट्रॉफी हिमालय हाउस ने अपने नाम की।
विद्यालय के अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि सतीश ठाकुर ने कहा कि अंडर-14 बैडमिंटन में ईशान का जिला स्तर के लिए चयन हुआ है, जबकि उत्कर्ष का चयन राज्य स्तर के लिए हुआ है। अंडर-14 शतरंज में एकाक्ष, आर्यवीर और रुद्रांश का जिला स्तर के लिए चयन हुआ। अंडर-19 बैडमिंटन में रोनित का जिला स्तर के लिए चयन हुआ है। वहीं, अंडर-19 वॉलीबॉल में देवक्ष का राज्य स्तर के लिए चयन हुआ है। उन्होंने विद्यालय के खिलाडि़यों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।