गुरु नानक मिशन स्कूल के दो खिलाड़ी पुणे में करेंगे हिमाचल का प्रतिनिधित्व
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। शुभखेड़ा स्थित गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल के दो खिलाड़ी अनुषिका तोमर और गौरव ठाकुर का यूथ बास्केटबॉल नेशनल चैंपियनशिप के लिए चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ी महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर दोनों खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर जगह बनाई है। उनकी इस उपलब्धि से स्कूल में खुशी का माहौल है।
स्कूल के निदेशक गुरजीत सिंह सैनी और प्रधानाचार्य गुरविंद्र कौर चावला ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह विद्यालय के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, लगन और खेल भावना ने स्कूल का मान बढ़ाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नई उपलब्धियां हासिल करेंगे। स्कूल प्रबंधन ने खिलाड़ियों के साथ उनके कोच को भी बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।