विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में लगाए चार चांद, बटोरीं तालियां
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। राजकीय उच्च पाठशाला धगेड़ा में वार्षिकोत्सव एवं पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें रोटरी क्लब नाहन के पूर्व अध्यक्ष और शंखनाद संस्था के राज्य अध्यक्ष ललित शर्मा मुख्यातिथि रहे। धगेड़ा पंचायत की प्रधान सुनीता देवी, पूर्व बीडीसी सुरेंद्र सिंह ठाकुर और सेवानिवृत्त मुख्य शिक्षक वीरेंद्र ठाकुर विशेष अतिथि रहे।
मुख्यातिथि ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का श्रीगणेश किया। इसके बाद स्टाफ सदस्यों की तरफ से रेखा हंस ने सभी विशेष अतिथियों का स्वागत किया। नवनिर्मित मंच से मुख्याध्यापिका सीता कश्यप की ओर से वार्षिक रिपोर्ट पढ़कर सुनाई और मंच के निर्माण में सुरेंद्र ठाकुर के योगदान की सराहना की।
इसके बाद बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर खूब वाहवाही लूटी। हर्षिता, उर्मिला, वंशिका और साथियों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और समूहगान प्रस्तुत किया। प्री- प्राइमरी वर्ग के बच्चों ने छोटा बच्चा जान के.., समूह नृत्य पेश किया। इसके बाद जय जवान-जय किसान.., मिक्स डांस और पांचवीं कक्षा की छात्रा शिवानी ने शिव तांडव.., की प्रस्तुति पर दर्शकों ने जमकर तालियां बटोरीं।
आहना और साथियों ने हरियाणवी नृत्य, साक्षी एवं साथियों ने पंजाबी नृत्य, सपना एवं साथियों ने शानदार नाटी प्रस्तुत की। कार्तिक, अमित और साथियों ने नशे पर पेश की गई नाटिका और एक भारत श्रेष्ठ भारत.., के तहत अर्चना एवं साथियों की ओर से पेश केरला नृत्य की दर्शकों द्वारा खूब सराहना की गई।
अंत में मुख्यातिथि ने शैक्षणिक और खेल गतिविधियों में अव्वल रहने वाले छात्र-छात्राओं को पदक, स्मृति चिह्न और ट्रॉफी इत्यादि देकर पुरस्कृत किया गया। इस सत्र में दसवीं कक्षा के छात्र कार्तिक को बेस्ट ब्वॉय और उर्मिला को बेस्ट गर्ल के खिताब से नवाजा गया। बेस्ट हाउस की ट्रॉफी इस बार पटेल हाउस के नाम रही।
मंच का संचालन अनिल शर्मा ने किया। अंत में कला अध्यापक दीपराज विश्वास ने स्कूल कमेटी की तरफ से मुख्यातिथि और कार्यक्रम में पधारे सभी लोगों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर प्राथमिक एवं उच्च विद्यालय का समस्त स्टाफ, एसएमसी (हाई स्कूल) प्रधान आशा देवी, एसएमसी प्रधान भावना देवी, किशन सिंह, विक्रम सहित सभी अभिभावकगण उपस्थित रहे।
संवाद