भाषण में श्वेता, चित्रकला में हिमांशु और नारा लेखन में नवीन रहा अव्वल
कैंट स्कूल नाहन में संस्थाओं ने एड्स दिवस पर आयोजित किया कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। राजकीय उच्च विद्यालय कैंट नाहन में सोमवार को हिमजन मंच, ज्ञान विज्ञान समिति और वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति ने एड्स जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य अध्यापिका सीमा वर्मा ने की। जबकि वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति के अध्यक्ष दीपक अग्रवाल विशेष अतिथि रहे। हिमजन मंच के अध्यक्ष कंवर सिंह नेगी ने मुख्य वक्ता के रूप में भाग लिया। उन्होंने एड्स विषय पर बच्चों को जागरूक किया।
इस दौरान हुई भाषण प्रतियोगिता में श्वेता ठाकुर पहले, वैशाली दूसरे और आशीष तीसरे स्थान पर रहे। वरूण को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। चित्रकला में हिमांशु, धु्रव, सिद्धि व देवांश ने क्रमश: पहला, दूसरा, तीसरा व सांत्वना पुरस्कार पाया। नारा लेखन में नवीन पहले, अनुराग दूसरे, प्रिया तीसरे और ब्रह्मांश ने सांत्वना पुरस्कार पाया। इस मौके पर नरेश शर्मा, अंजना ठाकुर ने मंच का संचालन किया। जबकि सचिन ने बुरा एड्स रा रोग रे..., लोकगीत पेश किया।
-संवाद