पांवटा साहिब (सिरमौर)। भारतीय खाद्य निगम के पांवटा साहिब और कालाअंब एफसीआई गोदामों में पांच दिन के भीतर 2550 क्विंटल गेहूं बिक्री को पहुंचा। अब तक 60 किसानों ने 50 लाख की फसल बेची है। एफसीआई केंद्रों में इस मर्तबा 1975 रुपये प्रति क्विंटल गेहूं खरीदी जा रही है। जिले में एफसीआई के दोनों केंद्रों में गेहूं फसल की बिक्री अब जोर पकड़ रही है।
बता दें कि विगत वर्ष 2020 में भारतीय खाद्य निगम ने जिला के दोनों केंद्रों में 4.17 करोड़ रुपये की फसल बिक्री को पहुंची थी, जिसमें पांवटा साहिब केंद्र में 700 से अधिक किसानों ने सर्वाधिक 20602 क्विंटल गेहूं करीब चार करोड़ रुपये में बेची थी। कालाअंब खरीद केंद्र में 860 क्विंटल गेहूं करीब 17 लाख रुपये की फसल बिक्री को पहुंची।
इस बार वर्ष 15 अप्रैल से एफसीआई ने दोनों ही केंद्रों में फसल खरीद शुरू की है।19 अप्रैल तक पांवटा केंद्र में 2295 क्विंटल और कालाअंब में 165 क्विंटल गेहूं की फसल पहुंच चुकी है। कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण पंजाब और हरियाणा की तरफ इस बार भी किसान कम ही फसल बेचने को ले जा रहे हैं जिससे पिछले वर्ष से अधिक फसल पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। अब तक सिरमौर के 60 किसान पांवटा और कालाअंब गेहूं खरीद केंद्र में अपनी फसल बेच चुके हैं।
भारतीय खाद्य निगम पांवटा साहिब केंद्र के मैनेजर श्याम लाल ने बताया कि इस बार मौसम ने काफी साथ दिया है जिससे औसतन पांवटा केंद्र में 700 से 800 क्विंटल गेहूं बिक्री को रोज पहुंच रहा है। धीरे-धीरे गेहूं बेचने वाले स्थानीय किसानों की संख्या में इजाफा हो रहा है।
सिरमौर मंडी समिति के अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा ने बताया कि किसानों से इस बार 1975 रुपये प्रति क्विंटल गेहूं खरीदा जा रहा है। किसान अपने साथ आधार कार्ड, किसान पास बुक और बैंक खाता कॉपी लेकर फसल बिक्री के लिए पंजीकरण करवाएं। एफसीआई के गेहूं खरीद केंद्र में फसल की बिक्री होने के 24 घंटे के भीतर ही किसानों के खाते में राशि पहुंचाई जा रही है।