विक्रम बाग पंचायत में खेत बचाओ अभियान कार्यक्रम में स्थानीय लोग और कृषि विभाग के अधिकारी। स्रोत
विक्रमबाग में खेत बचाओ अभियान के तहत किसान जागरूकता शिविर आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। कृषि विभाग के विकास खंड नाहन की ओर से शुक्रवार को खेत बचाओ अभियान के तहत ग्राम पंचायत विक्रमबाग में किसान जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में किसानों को मृदा स्वास्थ्य, संतुलित उर्वरक उपयोग, विभागीय योजनाओं और एग्रीस्टैक किसान रजिस्ट्री के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
कृषि विभाग के एसएमएस हरभजन सिंह, कृषि विकास अधिकारी चेतन गुप्ता, सहायक कृषि विकास अधिकारी तेजवीर सिंह, एटीएम (आत्मा) महेंद्र सिंह सहित विभागीय अधिकारियों ने किसानों को आधुनिक खेती और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
मृदा परीक्षण प्रयोगशाला धौलाकुआं से कृषि विकास अधिकारी शालिनी चौधरी एवं अन्य अधिकारियों ने मृदा परीक्षण के महत्व और संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन पर किसानों को जागरूक किया। अधिकारियों ने कहा कि रासायनिक उर्वरकों का विवेकपूर्ण और संतुलित उपयोग फसल उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए भी जरूरी है।
शिविर में किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही एग्रीस्टैक पोर्टल पर किसान रजिस्ट्री के महत्व, इसके लाभ और पंजीकरण प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।