संविधान को साक्षी मानकर पति-पत्नी के रूप में साथ निभाने की शपथ ली।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
शिलाई क्षेत्र के कफोटा के धाड़मा गांव निवासी एडवोकेट सुरेंद्र सिंह धर्मा ने संविधान को साक्षी मानकर विवाह कर सामाजिक बदलाव की एक अलग मिसाल पेश की है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों से प्रेरित होकर उन्होंने पारंपरिक ब्रह्म विवाह के बजाय कुमारी हेमलता निवासी टंडाई, तहसील कुफवी, जिला शिमला के साथ संविधान को साक्षी मानकर शादी की। इस विवाह की खास बात यह रही कि वर-वधू ने शादी के लिए किसी ज्योतिषी से मुहूर्त नहीं निकलवाया। दोनों ने अपनी इच्छा और आपसी सहमति से छुट्टी का दिन चुना और उसी दिन विवाह करने का निर्णय लिया।
संविधान को साक्षी मानकर ली साथ निभाने की शपथ
विवाह समारोह के दौरान वर और वधू ने संविधान को साक्षी मानकर एक-दूसरे को पति-पत्नी के रूप में स्वीकार किया। दोनों ने साथ मिलकर वैवाहिक जीवन निभाने की शपथ भी ली। पेशे से अधिवक्ता सुरेंद्र सिंह धर्मा सामाजिक सुधार के कार्यों में सक्रिय रहते हैं। उनका मानना है कि विवाह दो व्यक्तियों और परिवारों का मिलन है। इसके लिए किसी विशेष मुहूर्त, पारंपरिक कर्मकांड या आडंबर को अनिवार्य नहीं माना जाना चाहिए। उन्होंने इसी सोच को अपने विवाह में अपनाकर एक अलग उदाहरण प्रस्तुत किया।
स्थानीय रीति-रिवाजों का भी किया पालन
हालांकि, विवाह समारोह में स्थानीय परंपराओं को पूरी तरह नहीं छोड़ा गया। बाकायदा बारात निकाली गई और मामा स्वागत सहित अन्य पारंपरिक कार्यक्रम भी हुए। दोनों परिवारों ने इस पहल का समर्थन किया और आपसी सहमति से विवाह समारोह संपन्न करवाया।
युवाओं को सामाजिक बदलाव के लिए प्रेरित करने का संकल्प
इस विवाह समारोह में गांव के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और नवदंपती को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर सुनील कुमार और विनोद आजाद ने कहा कि वे सामाजिक सुधार के लिए लगातार प्रयास करते रहेंगे। साथ ही युवाओं को रूढ़ियों से आगे बढ़कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित करेंगे।