सरकारी संपत्तियों पर प्रचार सामग्री लगाने पर प्रत्याशियों में हड़कंप
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर क्षेत्र में प्रचार अभियान जहां चरम पर है, वहीं प्रशासनिक अमला भी चुनाव आचार संहिता के पालन को लेकर पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। ददाहू क्षेत्र में प्रत्याशियों की ओर से सरकारी भवनों, बोर्डों, बिजली के खंभों और सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए बैनर, पोस्टर और होर्डिंग्स के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।
बुधवार रात और वीरवार दिनभर सेक्टर अधिकारी की टीम ने गिरिपुल से लेकर बायरी तक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान करीब 200 बैनर, पोस्टर और होर्डिंग्स हटवाए गए। इनमें अधिकतर प्रचार सामग्री बिजली के खंभों और सरकारी संपत्तियों पर लगाई गई थी। निगरानी कमेटी के कर्मचारियों ने मौके पर ही इन्हें हटवाया। प्रशासन की इस कार्रवाई से चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों में हड़कंप मच गया।
सेक्टर अधिकारी कपिल दत्त शर्मा ने बताया कि सरकारी भवनों और सार्वजनिक संपत्तियों पर चुनाव प्रचार सामग्री लगाना गैरकानूनी है। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी केवल निजी भवनों और निजी दीवारों पर ही बैनर और पोस्टर लगा सकते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित प्रत्याशियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।