सतौन/पांवटा (सिरमौर)। पांवटा साहिब-शिलाई राष्ट्रीय राजमार्ग-707 पर शुक्रवार को एक सड़क हादसा हुआ जिसमें सतौन के समीप एक टिपर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक को 108 एंबुलेंस की मदद से पांवटा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार सतौन के समीप एक टिपर क्रॅशर भरकर शिलाई की तरफ जा रहा था। एनएच पर सतौन के पास शुक्रवार सुबह के समय टिपर अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़ी गाड़ी में टकरा गया जिससे चालक पंकज कुमार पुत्र केदार सिंह निवासी अजरोली गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने घायल चालक को ट्रक से बाहर निकाला। घायल को 108 एंबुलेंस में सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया। अस्पताल में घायल चालक का उपचार चल रहा है। उधर, डीएसपी पांवटा साहिब बीर बहादुर ने बताया कि राजबन चौकी पुलिस जांच कर रही है।