पांवटा साहिब (सिरमौर)। देहरादून-पांवटा साहिब एनएच-07 मार्ग पर टोकियो के समीप सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी जिसमें बाइक चालक घायल हो गया। घायल को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया। हादसे के बाद आरोपी चालक अपने छोटा हाथी वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हिट एंड रन मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टोकियो सैनवाला निवासी रामकुमार (48) पुत्र जगदीश चंद ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है जिसमें उसने कहा कि उसकी टोकियो इकाई के पास एनएच-07 किनारे चाय की दुकान है। शनिवार को वह अपनी दुकान पर बाहर सड़क किनारे खड़ा था। इस बीच एक टाटा ऐस (छोटा हाथी) वाहन पांवटा की तरफ से बड़ी तेज रफ्तारी से आया। इसके चालक ने नाहन से पांवटा की तरफ जा रहे एक बाइक को टोकियो पुुल के समीप जोरदार टक्कर मार दी जिससे अपनी सही दिशा में जा रहा बाइक सवार नीचे गिर गया।
इस हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक ने अपना वाहन कुछ पल के लिए रोका और उसके बाद वाहन सहित मौके पर से भाग गया। शिकायतकर्ता ने वाहन का नंबर भी पुलिस को सौंप दिया है। शिकायत मिलने के बाद माजरा थाना के मुख्य आरक्षी मोहेंद्र सिंह की टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। जबकि युवक को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचा दिया गया है।
डीएसपी पांवटा साहिब बीर बहादुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा-279 व 337 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस थाना माजरा की टीम मामले की गहनता से तफ्तीश में जुट गई है।