शिलाई/रोनहाट(सिरमौर)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) इकाई कफोटा ने राजकीय महाविद्यालय कफोटा के प्राचार्य को विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं एवं सुविधाओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से महाविद्यालय में पॉलिटिकल साइंस विषय के शिक्षक की शीघ्र नियुक्ति करने और शिक्षकों की कमी को देखते हुए रिक्त पदों को भरने की मांग उठाई गई। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों के खेल विकास के लिए वॉलीबॉल ग्राउंड की व्यवस्था करने, टेबल टेनिस एवं आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध करवाने की भी मांग की गई।
एबीवीपी इकाई कफोटा ने महाविद्यालय की लाइब्रेरी में पुस्तकों कीजा कमी का मुद्दा भी उठाया तथा नई एवं पाठ्यक्रम से संबंधित पुस्तकें उपलब्ध करवाने की मांग की। इकाई अध्यक्ष नितिन ठाकुर ने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए ताकि उनकी पढ़ाई एवं अन्य गतिविधियां प्रभावित न हों।