जिले में 5 से 8 दिसंबर तक बनाए जाएंगे आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड
खंड विकास अधिकारी कार्यालयों में स्वास्थ्य कार्ड बनाने की तिथियां निर्धारित
आयुष्मान भारत योजना में शामिल होंगे सिरमौर के 15,916 मनरेगा कामगार
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में 5 से 8 दिसंबर तक आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड बनाए जाएंगे। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने खंड विकास अधिकारी कार्यालय में बनने वाले आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड की तिथियां भी निर्धारित कर दी हैं। पात्र परिवार निर्धारित तिथियों को स्थानीय खंड विकास अधिकारी कार्यालय में जाकर आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड बना सकते हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. अजय पाठक ने बताया कि प्रदेश सरकार ने हिमकेयर योजना के चयनित परिवारों को अब आयुष्मान भारत योजना में शामिल कर लिया है। जिला सिरमौर के 15,916 मनरेगा कामगारों को इसमें शामिल किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी सिरमौर डाॅ. अजय पाठक ने कहा कि इस योजना में प्रति वर्ष प्रत्येक परिवार को 5 लाख रुपये के स्वास्थ्य बीमा का प्रावधान है। इस योजना में भारत सरकार की ओर से करवाए सामाजिक आर्थिक जातिगत जनगणना सर्वेक्षण 2011 के चयनित परिवार और राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के 2014-15 के लाभार्थी शामिल हैं।
इसके साथ इसमें मुख्यमंत्री हिमकेयर योजना के चयनित परिवार भी शामिल किए गए हैं। इस योजना में सभी तरह की गंभीर बीमारियों समेत 1800 तरह की बीमारियां कवर की गई हैं। डाॅ. अजय पाठक ने कहा कि इस योजना में 5 लाख के स्वास्थ्य बीमा राशि में अस्पताल में भर्ती होने पर किसी तरह का कोई खर्चा नहीं होगा। मरीज को इस योजना का लाभ लेने के लिए कम से कम 24 घंटे अस्पताल में भर्ती होना पड़ेगा।
डॉ. अजय पाठक ने कहा कि सिरमौर में 5 से 8 दिसंबर तक खंड विकास अधिकारी कार्यालयों में आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड बनाए जाने हैं। इसमें पच्छाद खंड में 5 दिसंबर, राजगढ़ व नाहन खंड में 6 दिसंबर, संगड़ाह और शिलाई खंड और पांवटा व तिलोधार में 8 दिसंबर को आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड बनाए जाएंगे।
इसके लिए वीएलई का भी चयन कर लिया गया है, जो इस प्रक्रिया को पूरा करेंगे। इसमें रामरतन, हेमराज, विक्रांत सिंह राना, ब्रह्मानंद, वीरेंद्र सिंह, सौरभ वोहरा व सुदेश कुमार शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि पात्र परिवार निर्धारित तिथियों को खंड विकास अधिकारी कार्यालय में जाकर अपने और अपने परिवार का आयुष्मान कार्ड बनाना सुनिश्चित करें। कार्ड बनाने के लिए जाते समय अपना आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, राशन कार्ड और हिमकेयर कार्ड साथ ले जाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की असुविधा व परेशानी के लिए जिला समन्वयक रमन शर्मा के मोबाइल नंबर 94590-01304 पर संपर्क किया जा सकता है। संवाद