चौथी कक्षा से शुरू किया चित्र बनाना, शौक और परिजनों के मार्गदर्शन से निखरी प्रतिभा
चंद्र ठाकुर
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर की नेहरस्वार पंचायत के गांव च्यौला की होनहार बेटी आरोही ठाकुर अपनी अनूठी चित्रकला कला से लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है। कम उम्र में ही चित्रकला में महारत हासिल कर चुकी आरोही भगवान शिव, सरस्वती माता सहित विभिन्न देवी-देवताओं के आकर्षक और भावपूर्ण चित्र बना रही हैं। उनकी कलाकृतियों में आस्था, रंगों का संतुलन और बारीकियों की झलक साफ दिखाई देती है।
आरोही की ओर से बनाए गए चित्र न केवल देखने में सुंदर हैं, बल्कि उनमें गहरी भावनात्मक अभिव्यक्ति भी नजर आती है। कागज पर उकेरे गए भगवान शिव के शांत स्वरूप से लेकर सरस्वती माता के दिव्य रूप तक, हर चित्र में उनकी कल्पनाशीलता और समर्पण झलकता है। आरोही ने भगवान गणेश, तिरंगा झंडा, सेना के जवान समेत देश के महापुरुषों के चित्र बना चुकी है।
आरोही ठाकुर का बचपन से ही कला के प्रति रुझान था। चौथी कक्षा से ही पेंटिंग बनाना शुरू कर दिया था। खाली समय में कागज और रंगों के साथ प्रयोग करते हुए उन्होंने अपनी शैली को निखारा। पिता सुनील ठाकुर और माता ममता ठाकुर ने बेटी की प्रतिभा को पहचाना। उनके मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से आरोही की कला में लगातार निखार आता गया। वर्तमान में वह आठवीं कक्षा की परीक्षा दे चुकी हैं।
आरोही ने बताया कि वह पढ़ाई और अन्य कामों से समय मिलने के बाद चित्रकारी करती हैं। उन्हें शुरू से ही चित्र बनाने का शौक रहा। खासकर देवी देवताओं और देश भक्ति से जुड़े महापुरुषों के चित्र उन्होंने अधिक बनाए हैं। वह भविष्य में एक अच्छी चित्रकार बनना चाहती है। बहरहाल, आरोही की यह लगन और मेहनत न केवल अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा है, बल्कि यह भी साबित करती है कि सही मार्गदर्शन और लगन से प्रतिभा को नई उड़ान दी जा सकती है।
संवाद
आरोही ठाकुर द्वारा बनाई गई पेटिंग । स्रोत : परिजन
आरोही ठाकुर द्वारा बनाई गई पेटिंग । स्रोत : परिजन