सिरमौर पुलिस की पीओ सेल ने दबोचा, पुरुवाला थाने में दर्ज था पोक्सो एक्ट का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब/पुरुवाला (सिरमौर)। सिरमौर पुलिस की पीओ सेल ने फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट के मामले में करीब तीन साल से फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी को पंजाब के जीरकपुर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी गोलू निवासी अनंतपुर ढोंकला, ब्लॉक झिंझक, कानपुर (उत्तर प्रदेश) के खिलाफ थाना पुरुवाला में 8 अगस्त 2022 को धारा 376 आईपीसी और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था। बाद में अदालत ने उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था।
एसपी सिरमौर के निर्देश पर पीओ सेल की टीम लंबे समय से फरार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान पुलिस को आरोपी के जीरकपुर में छिपे होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए जीरकपुर में दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाना पुरुवाला के हवाले कर दिया गया है, जहां उसके खिलाफ आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि फरार उद्घोषित अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।