टाइड फंड जल शक्ति विभाग को, पंचायतें करेंगी निगरानी
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)।
विकासखंड राजगढ़ में वर्ष 2026-27 के लिए ग्राम पंचायतों की जीडीपीडी और पंचायत समिति की बीपीडीपी कार्ययोजना के तहत पेयजल योजनाओं को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल शक्ति विभाग और ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों के अलावा विकासखंड की सभी 34 ग्राम पंचायतों के प्रधान और पंचायत सचिवों ने भाग लिया।
सहायक आयुक्त एवं खंड विकास अधिकारी उमेश शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की पेयजल जरूरतों को पूरा करने में इन योजनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। बैठक में वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना के तहत पेयजल योजनाओं के चयन, प्रस्ताव तैयार करने और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि 16वें वित्त आयोग के तहत टाइड फंड की धनराशि अब पंचायतों की ओर से जल शक्ति विभाग को दी जाएगी। योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी ग्राम पंचायतों की ओर से की जाएगी।
जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता ने पंचायत प्रतिनिधियों से कहा कि उपलब्ध धनराशि के अनुसार ही पेयजल योजनाओं के प्रस्ताव विभाग को भेजे जाएं, ताकि स्वीकृत योजनाओं को निर्धारित धनराशि में पूरा किया जा सके। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि सरकार ने बीपीएल चयन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। पात्र परिवार 20 सितंबर तक बीपीएल सूची में शामिल होने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
पंचायत प्रतिनिधियों से इस संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया गया, ताकि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे। बैठक में पंचायत निरीक्षक दिनेश नेघटा, सचिव अमर सिंह और डॉ. महेंद्र कौशल ने भी विभिन्न योजनाओं और उनके क्रियान्वयन से संबंधित जानकारी दी।