शिलाई (सिरमौर)। जिला प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक की टीम ने शनिवार को शिलाई शिक्षा खंड क्षेत्र के स्कूलों भटनोल, नैनीधार, शिरी-क्यारी, द्राबिल तथा क्यारी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान चार शिक्षक स्कूल से नदारद पाए गए। बाद में टीम ने पांचों स्कूलों के रिकार्ड खंगाल कर शिक्षकों के सरकारी हाजिरी रजिस्टर को भी जांचा।
उपनिदेशक विजय प्रकाश अवस्थी ने स्कूल में गैरहाजिर पाए गए सभी चारों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही इस बाबत प्राइमरी खंड शिक्षा अधिकारी से पूरी रिपोर्ट तलब की है। निरीक्षण के दौरान टीम में शिलाई खंड शिक्षा अधिकारी सुंदर सिंह, खंड समनवयक सर्व शिक्षा अभियान रंगीलाल तोमर भी शामिल थे।
शनिवार सुबह प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक विजय प्रकाश अवस्थी अपनी टीम के साथ शिलाई क्षेत्र पहुंचे।इस दौरान उन्होंने स्कूलों में औचक निरीक्षण किया। टीम ने प्राइमरी स्कूल भटनोल, नैनीधार, शिरी-क्यारी, द्राबिल तथा क्यारी प्राइमरी स्कूल में जांच की। टीम ने स्कूलों में जारी मिड-डे-मील व्यवस्था, वित्तीय फंड, सरकारी योजनाओं का प्रयोग एवं शैक्षणिक व्यवस्था की कार्यप्रणाली का जायजा लिया।
इस दौरान शिक्षा उपनिदेशक ने कई स्कूलों को शैक्षणिक व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं मिड-डे मील कार्य को मजबूत बनाने के भी निर्देश जारी किए। कार्रवाई के दौरान सभी स्कूलों के मुखियाओं को निर्देश दिए गए कि वे समय सारिणी एवं हाजिरी रजिस्टर को गंभीरता से लें।
बाक्स...
‘‘शिलाई क्षेत्र में शनिवार को पांच स्कूलों का औचक निरीक्षण किया गया। चार शिक्षक स्कूलों में मौजूद नहीं पाए गए। उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही खंड अधिकारी से इस बाबत रिपोर्ट देने को कहा गया है। शिक्षा एवं सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता एवं अनुशासन बना रहे, इसलिए जांच की गई है। जो आगे भी जारी रहेगी।’’
- विजय प्रकाश अवस्थी, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक, सिरमौर
नाहन