सराहां (सिरमौर)। कुमारहटी-नाहन सुपरहाइवे सड़क निर्माण को लेकर प्रदेश सरकार से कंपनी को राहत मिली है। प्रदेश सरकार ने इस निर्माण कार्य की अवधि मार्च 2014 तक बढ़ा दी है। इस निर्माण कार्य की अवधि पहले मार्च 2013 तक थी। मगर ल्वासा चौकी से नाहन के बीच में आने वाले पेड़ों को काटने की परमिशन न मिलने के कारण इस सड़क का निर्माण कार्य लटका हुआ था। मगर वन विभाग से परमिशन देरी से मिलने के कारण निर्माण कार्य पर इसका असर पड़ा है।
इस कारण लोगों को पिछले दो साल से भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। इस सड़क का निर्माण कार्य 2009-10 से लगातार चला हुआ है। सड़क पर पड़े गहरे गड्ढे व धूल मिट्टी से दो जिलों के लोगों हजारों लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
चाकली पंचायत के प्रधान जय प्रकाश शर्मा, बनाहं घिन्नी पंचायत प्रधान अनूप शर्मा, सराहां पंचायत प्रधान विनोदकांत, बागपशोग के प्रधान विजकांत, नैनाटिक्कर पंचायत प्रधान शिव कुमार गुप्ता सहित संजय कुमार, विशाल, अनूप व भूपेश कुमार ने बताया कि पिछले तीन साल से सड़क निर्माण कार्य के चलते क्षेत्र के लोगों को बार-बार परेशानी उठानी पड़ी है। तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी यह सड़क अभी तक पूरी नहीं बन पाई। जो सड़क अभी निर्माणाधीन है उस पर दोपहिया व छोटी वाहनों को सफर करना भारी पड़ रहा है।
उधर इस संबंध में वर्ल्ड बैंक के रेजीडेंट इंजीनियर नीरज कुमार ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य की अवधि पहले मार्च 2013 तक थी। अब सरकार ने इसे मार्च, 2014 तक बढ़ा दिया है। यदि मार्च, 2014 तक इसका निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ तो कंपनी पर पेनेल्टी लगाई जाएगी।