शिलाई (सिरमौर)। शनिवार रात्रि सतौन तथा राजबन के बीच ओएफसी कट जाने से क्षेत्र के आधा दर्जन से ज्यादा दूरभाष केंद्र तथा सैकड़ों लैंडलाइन टेलीफोन ठप हो गए। इसके चलते क्षेत्र में ब्राडबैंड, एसटीडी, पीसीओ तथा फैक्स की मशीनें पूरी तरह हो गईं। उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बीती शनिवार रात को सतौन, कमरऊ कफोटा, टिंबी, शिलाई, कांडो तथा रोनहाट के दूरभाष केंद्र ठप हो जाने से क्षेत्र के हजारों लैंडलाइन तथा मोबाइल फोन पूरी तरह ठप पड़ गए हैं। इसके चलते क्षेत्रवासियों को उत्तराखंड की रोमिंग की मार झेलनी पड़ रही है। उपभोक्ता रमेश कुमार, दिनेश कुमार, सूरज सिंह, सुंदर सिंह, नीरज कुमार, उमा देवी सहित दर्जनों उपभोक्ताओं का कहना है कि ओएफसी कटने से जहां उन्हें इंटरनेट जैसी सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है, वहीं उन्हें मोबाइल के लिए उत्तराखंड की रोमिंग की मार भी झेलनी पड़ रही है। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में एसटीडी, पीसीओ, साइबर कैफे आदि भी बंद पड़े हुए हैं। ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि शीघ्र ओएफसी को जोड़कर संचार सेवा बहाल की जाए। उधर, इस संबंध में शिलाई दूरभाष केंद्र में तैनात तकनीशियन रतन सिंह चौहान ने बताया कि ओएफसी कटने की सूचना तकनीकी विंग को दे दी गई है। ओएफसी जोड़ने के लिए टीम नाहन से रवाना हो चुकी है।