रेणुका में गायत्री पुरस्कार से किया सम्मानित
34वें स्थापना दिवस पर आयोजित हुआ समारोह
अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)। रेणुका जी तीर्थ स्थित गायत्री मंदिर का 34वां स्थापना दिवस समारोह शुक्रवार को आयोजित हुआ। ऋषि पंचमी के उपलक्ष्य पर आयोजित इस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले नौ श्रेष्ठ लोगों को गायत्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता आयुर्वेद विभाग के पूर्व संयुक्त निदेशक डॉ. केआर मोगटा ने की। जबकि स्वामी दयानंद भारती इस समारोह के मुख्यातिथि रहे। उन्होंने कहा कि 34 वर्ष पूर्व रेणुका जी तीर्थ में वेद माता गायत्री की मूर्ति स्थापित की गई थी, तभी से ही समाज में विशेष योगदान देने वाले श्रेष्ठ लोगों को सम्मानित करने की परंपरा को निभाया जा रहा है।
पुरस्कार प्राप्त करने वालों में बेहतर प्रशासनिक सेवाओं के लिए संगड़ाह के एसडीएम राजेश धीमान, लोक निर्माण मंडल संगड़ाह के अधिशासी अभियंता रतन चंद शर्मा, बेहतर चिकित्सा और रोगियों की सेवाओं के लिए आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. गौरव शर्मा, अंबाला कैंट के डॉ. निलिख रस्तोगी, पत्रकारिता के लिए नाहन से चंद्र ठाकुर, दीन दुखियों और असहाय लोगों की सेवा को समर्पित दशमेश सेवा समिति नाहन के अध्यक्ष सर्वजीत सिंह, देश सेवा के लिए हमीरपुर के सेवानिवृत्त सूबेदार मंशा राम, नाहन के समाजसेवी धनराज स्वामी और महिलाओं की आवाज बुलंद करने और उनके उत्थान के लिए कार्य करने पर महिला मंडल चूली की प्रधान रेणु ठाकुर को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भजन-कीर्तन के साथ-साथ भक्ति गीत, संगीत और प्रवचनों का दौर भी चलता रहा। इसका सैकड़ों श्रद्धालुओं ने जमकर लुत्फ उठाया। इस अवसर पर स्वामी बालानंद ब्रह्मचारी, स्वामी कृष्णानंद भारती, सरूपानंद, महंत मोहन पुरी, महात्मा उपेंद्र गिरी, हरिओम गिरी, स्वामी भानू गिरी सहित सहायक अभियंता हरीचंद चौहान, डॉ. शरद द्विवेदी, डॉ. प्रमोद पारिख, राजेंद्र शर्मा, बृजभूषण गोयल, पूर्व सीईओ रविंद्र गुप्ता, कुलभूषण गोयल सहित अन्य गण्यमान्य लोग मौजूद रहे।