पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिमाचल में शिवसेना फिर से सक्रियता बढ़ाने लगी है। पिछले करीब 8 वर्षों से प्रदेश में शिवसेना की गतिविधियां कुछ शिथिल पड़ गई थीं। कुछ दिन पहले हिमाचल प्रदेश के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मधुकर डोगरी की बैठक शिवसेना के राष्ट्रीय संगठक गुलाब चंद दुबे से हो चुकी है। इसके बाद हिमाचल में फिर से शिवसेना की गतिविधियों को तेज करने के संकेत मिल रहे हैं। कई वर्ष बाद पांवटा में मंगलवार को शिवसेना स्थापना दिवस मनाया जाना इसी का हिस्सा माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि शिवसेना राष्ट्रीय संगठक गुलाब चंद दुबे उत्तर भारत में शिवसेना को मजबूत करने की दिशा में कार्य करना चाहते हैं। इसके लिए उत्तर भारत में पहले संगठन के लिए बेहतर कार्य कर चुके राज्य अध्यक्षों व नेताओं से संपर्क कर रहे हैं।
गौरतलब है कि मधुकर डोगरी के शिवसेना राज्य अध्यक्ष के दौरान पांवटा से 2 नगर परिषद पार्षद सीटों पर कब्जाया था लेकिन करीब 8 वर्ष पहले मधुकर डोगरी ने संगठन को छोड़ दिया। उन्होंने बतौर निर्दलीय उम्मीदवार पांवटा नगर परिषद का चुनाव लड़ा था। उसके बाद से प्रदेश में शिवसेना की पहले की तरह राजनीतिक व सामाजिक कार्यों की गतिविधियों में कमी आ गई थी। अब पूर्व शिवसेना राज्य अध्यक्ष की शिवसेना राष्ट्रीय संगठक से मुलाकात के बाद फिर से प्रदेश में सक्रियता
बढ़ने लगी है।
उधर, शिवसेना के पूर्व राज्य अध्यक्ष मधुकर डोगरी ने कहा कि शिवसेना राष्ट्रीय संगठक गुलाब चंद दुबे से मुलाकात काफी सकारात्मक रही है। उन्होंने उत्तर भारत में संगठन की मजबूती पर कार्य करना शुरू कर दिया है। हिमाचल प्रदेश में शिवसेना की सक्रियता फिर से बढ़ाई जाएगी। शिवसेना प्रदेशाध्यक्ष का नियुक्ति पत्र मिलते ही कार्य शुरू होगा। हर जिले में शिवसेना का सदस्यता अभियान चलेगा। प्रत्येक जिले में कमेटियों का गठन किया जाएगा।