ढुलाई विवाद सुलझाने को बुलाई बैठक बेनजीता
अब आज फिर होगी बैठक, सीमेंट ढुलाई कार्य बंद
मल्टीएक्सल सोसायटी से नहीं आए कोई प्रतिनिधि
अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
सीसीआई राजबन में सीमेंट ढुलाई को लेकर चल रहा विवाद थम नहीं रहा है। शुक्रवार को प्रशासन की मध्यस्थता में बुलाई गई मल्टीएक्सल ऑपरेटर सोसायटी, ट्रक यूनियन और सीसीआई की बैठक बेनजीता रही। मल्टीएक्सल ऑपरेटर सोसायटी के अध्यक्ष ने बैठक में भाग नहीं लिया जिस वजह से बैठक नहीं हो सकी। अब शनिवार को फिर बैठक बुलाई गई है। बैठक में ढुलाई को लेकर चल रहे विवाद को सुलझाने के प्रयास होंगे।
गौरतलब है कि पांच दिन से सीसीआई राजबन सीमेंट ढुलाई बंद है। सिरमौर ट्रक ऑपरेटर यूनियन व मल्टीएक्सल ट्राला सोसायटी के बीच विवाद चला आ रहा है। सीसीआई की माल ढुलाई का ठेका मल्टीएक्सल ट्राला सोसायटी के नाम गया है लेकिन सिरमौर ट्रक ऑपरेटर यूनियन काम हाथ से जाने देने के मूड में नहीं है। यही कारण है कि दोनों संगठनों के बीच तनातनी बढ़ गई है।
वीरवार को मल्टीएक्सल ट्राला सोसायटी की दो गाड़ियां फैक्टरी परिसर में गई थी। आरोप है कि यूनियन के सदस्य ने कंपनी के प्रशासनिक ब्लॉक में तोड़फोड़ की। इसके बाद प्रशासन ने शुक्रवार को दोनों पक्षों की बैठक एसडीएम कार्यालय में रखी थी लेकिन बैठक में सहमति न बनने के बाद अब शनिवार को बैठक रखी गई है।
उधर, एसडीएम पांवटा एलआर वर्मा ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच बैठक हुई। बैठक कर समझौते के प्रयास किये जा रहे हैं। मल्टीएक्सल ट्राला सोसायटी के अध्यक्ष बैठक में नहीं पहुंच सके। अब शनिवार को समझौता बैठक रखी गई है।
-------------------भारद्वाज