ददाहू (सिरमौर)।
द ग्रेट इंडिया रन के विजेता सुनील शर्मा ने वीरवार को ददाहू में करीब 4 किलोमीटर की दौड़ लगाई। ददाहू के तहसीलदार देवी सिंह कौशल ने धावक सुनील शर्मा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही उन्होंने सुनील शर्मा के साहस की सराहना की तथा उनका मकसद हल होने की कामना की।
इस दौरान धावक सुनील ने कड़ी धूप में बायरी से रेणुका तक दौड़ लगाकर तीन जिंदगियों को बचाने के लिए धन एकत्रित किया। सुनील का जगह-जगह स्कूलों के बच्चों ने स्वागत किया तथा धनराशि दी। सुनील ने बताया कि यह द ग्रेट सिरमौर रन का दूसरा चरण है। इसमें लोगों से अपार सहयोग मिलने की उम्मीद है। पहले चरण में उन्होंने 3.46 लाख रुपये एकत्रित किए हैं। इस दूसरे चरण में उन्हें 10-12 लाख रुपए की राशि एकत्रित होने का अनुमान है। इससे तीन अनमोल जीवन बचाया जा सकेगा।
पिता के लिए पैसे जुटा रही बेटी
पच्छाद के चाकली पंचायत के राहौर गांव की प्रिया पिता सुरजन सिंह की जिंदगी बचाने के लिए अकेले पैसा जुटाने में लगी है। पिता की दोनों किडनियां फेल हो चुकी हैं। कन्या स्कूल नाहन में जमा दो की छात्रा प्रिया के पास इतना धन एकत्र नहीं हो पाया है जितना इलाज पर खर्च होना है।
बीमारी के चलते पति ने छोड़ा
दूसरा मामला नाहन तहसील की बर्मापापड़ी पंचायत के गदपेला गांव का है। 27 वर्षीय मीना देवी को पति ने इसलिए छोड़ दिया कि उसके दिल में छेद है। मीना देवी के पिता इंद्र सिंह बीपीएल परिवार से संबंध रखते हैं। पिता काफी समय से इलाज के लिए धन जुटाने में नाकाम रहे हैं।
इमरान की भी दोनों किडनियां फेल
तीसरा मामले में नाहन निवासी इमराम की दोनों किडनियां फेल हो चुकी हैं। 37 वर्षीय इमरान की मां एक निजी स्कूल में महज तीन हजार का वेतन लेकर अपना परिवार पाल रही है। इमरान की एक 11 वर्षीय बेटी और 6 साल का बेटा है।