अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। जिला कांग्रेस कमेटी ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के सिरमौर दौरे को निराशाजनक करार दिया है। कांग्रेस का कहना है कि सीएम के दौरे से नाहन वासियों को बड़ी सौगात की उम्मीद थी लेकिन वह यहां के लोगों की उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय सोलंकी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जो उद्घाटन और शिलान्यास किए वह पूर्व सरकार की देन है। इन कार्यों की शुरूआत पूर्व सरकार ने की थी। इनके लिए बाकायदा बजट भी मुहैया करवाया गया था।
नाहन में फायर स्टेशन, प्रेस क्लब भवन, बनकला पुल का उद्घाटन, सकेती वैली का शिलान्यास सीएम ने किया। यह सभी कार्य पूर्व सरकार की देन है। उन्होंने कहा कि सीएम ने जिन स्कूलों की मरम्मत के लिए राशि जारी की है, वह नाकाफी है। बर्मा पापड़ी के पशु औषधालय को अपग्रेड करने की कांग्रेस ने पहले ही मंजूरी दी है। जबकि सुरला और कोलर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की भी कांग्रेस ने ही मंजूरी दी थी। अब सीएम से इसकी घोषणा करवाई गई। नगर परिषद के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कार्यक्रम था। इस कार्यक्रम के लिए जनता में बड़ा उत्साह था, लेकिन विधानसभा अध्यक्ष ने इसे भाजपा का कार्यक्रम बनाकर रख दिया।
बॉक्स----
सीएम से मिले कांग्रेस नेता, सौंपा ज्ञापन
शुक्रवार सुबह जिला कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष अजय सोलंकी की अगुवाई में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिला और उन्हें मांगों का ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया के नाहन में सबसे बड़ी समस्या सेना के साथ आ रही है जिसको लेकर कई प्रतिनिधिमंडल रक्षामंत्री और गृह मंत्री से मिले हैं। स्थानीय लोगों को सेना आने-जाने व मकान आदि का निर्माण करने नहीं दे रही।
नाहन के लिए गिरि नदी से लाए जा रहे पानी की लाइन का कार्य जल्द पूरा करवाने की भी उन्होंने मांग रखी। वहीं शहर में पार्किंग के लिए बजट देने और पूर्व सरकार के कार्यकाल में चले कार्यों को जल्द पूरा किया जाए। प्रतिनिधिमंडल में नगर परिषद नाहन के पार्षद योगेश गुप्ता, राकेश गर्ग, हरप्रीत कौर, अधिवक्ता मोहम्मद इकबाल, विरेंद्र पाल शर्मा, गुरुदयाल, संदीप शर्मा, अनिल शर्मा आदि उपस्थित थे।