अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
श्री वाल्मीकि सभा नाहन ने फिल्म के एक संवाद पर आपत्ति जताते हुए रविवार को नाहन में फिल्म अभिनेता सलमान खान व अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पुतले जलाए। वाल्मीकि नगर में हुए इस विरोध प्रदर्शन के दौरान इस समुदाय से जुड़े लोगों ने दोनों फिल्म कलाकारों के विरोध में नारे भी लगाए। यह प्रदर्शन इन कलाकारों की आने वाली नई फिल्म एक था टाईगर के एक संवाद को लेकर किया गया।
विजय चौरिया व प्रदीप सहोत्रा के नेतृत्व मेें हुए इस विरोध प्रदर्शन में क्षेत्र के दर्जनों लोगों ने भाग लिया। प्रदीप सहोत्रा व विजय चौरिया ने कहा कि एक था टाईगर फिल्म में दोनों कलाकारों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया है जिससे उनके समाज के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह का खिलवाड़ बिल्कुल पसंद नहीं किया जाएगा। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान ईशो रानी, निर्मल सहोत्रा, प्रदीप सहोत्रा, विजय चौरिया, दीपक चौरिया, राजेंद्र पाहवा, चंद्रमोहन सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।