अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब इलाके के शुभखेड़ा में एक सड़क दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पांवटा साहिब की ओर से एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल के चालक ने शुभखेड़ा के समीप अपना नियंत्रण खो दिया। इस हादसे में मोटरसाइकिल चालक जसविंद्र सिंह व अन्य दो युवक भी घायल हो गए।
इस मामले में पांवटा साहिब के शुभखेड़ा निवासी राजबीर के बयान पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 279 वव 337 के तहत मामला दर्ज किया है। राजबीर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 18 दिसंबर को जब यह अपने घर के आंगन में खड़ा था तो उसी समय एक मोटर साइकिल एवेंजर नंबर एचपी17डी-5723 पांवटा साहिब की तरफ से तेज गति से आई और उसके घर के आगे दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
उन्होंने बताया कि तेज रफ्तारी के कारण चालक ने बाइक से नियंत्रण खो दिया और बाइक सड़क के नीचे गिर गई। इससे बाइक सवार के अलावा दो अन्य युवकों को भी चोटें आई हैं। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर रोहित मालपानी ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।
-------------