अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
पांवटा साहिब में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सनसनी फैल गई है। पांवटा बस स्टैंड पर एक महिला के साथ पहले छेड़छाड़ की गई। जब इसका विरोध किया गया तो पीड़िता की चप्पलों से जमकर धुनाई भी कर डाली। हालांकि, इस मामले की पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं की गई है लेकिन मानवता को शर्मसार कर देने वाली इस घटना की कड़ी निंदा की जा रही है।
जानकारी के अनुसार पांवटा बस स्टैंड पर खड़ी एक महिला के साथ नशे में धुत्त व्यक्ति ने पहले छेड़छाड़ की और जब महिला ने इसका विरोध किया तो उल्टे उक्त व्यक्ति ने ही महिला की पिटाई कर डाली। यहीं नहीं महिला पर जमकर चप्पलें भी बरसाई गईं।
वहां मौजूद कुछ महिलाओं ने मदद करने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला की पिटाई करने वाले व्यक्ति ने छेड़छाड़ के साथ महिला की जमकर धुनाई की। उधर, एसएचओ पांवटा जसवीर सिंह ने बताया कि इस तरह की कोई शिकायत नहीं मिली है। फिर भी बस स्टैंड परिसर पर ड्यूटी देने वाले कांस्टेबल से पूछताछ की जाएगी। कथित आरोपी की भी शीघ्र ही शिनाख्त की जाएगी।
बच्चों के सामने महिला की पिटाई, कांस्टेबल नदारद
पांवटा साहिब के बस स्टैंड पर दिनभर लोगों की आवाजाही लगी रहती है। इसके अलावा यहां पर एक पुलिस कांस्टेबल भी लोगों की मदद के लिए तैनात रहता है लेकिन जब इस महिला को सुरक्षा की आवश्यकता थी तो न वहां लोगों ने कोई ठोस कदम उठाए और न ही बस स्टैंड पर कोई सुरक्षाकर्मी मौजूद था। अपनी मां की पिटाई होते देख मासूम बच्चा रोता ही रहा। मगर किसी ने महिला की मदद नहीं की।