शिलाई (सिरमौर)।चुनावी मौसम में जिले में बाहरी राज्यों से शराब की भारी खेप पहुंच रही है। वीरवार सुबह सिरमौर पुलिस की टीम ने शिलाई इलाके में शराब का जखीरा पकड़ा है। शराब चुनाव के ऐन मौके पर मतदाताओं को परोसने के लिए लाई जा रही थी या नहीं। इस पर पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल जीप समेत बरामद की गई अंग्रेजी व देसी 103 पेटियों को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक जीप वीरवार सुबह रोनहाट से नाया मोड़ की ओर जा रहा थी जहां पर पुलिस ने तलाशी के लिए वाहन को रोका तो वाहन चालक गाड़ी को छोड़कर मौके से फरार हो गया। तलाशी लेने पर वाहन से 38 पेटियां देसी, 20 पेटी ग्रीन लेबल, 45पेटी ऑफिसर च्वाइस की बरामद की।
पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। यह शराब कहां जा रही थी। इसकी फिलहाल जानकारी नहीं मिल पाई है। इलाके में चर्चा है कि शराब की यह खेप चुनाव के चलते यहां पहुंचाई गई थी। पुलिस वाहन चालक की तलाश कर रही है। अभी तक उसका पता नहीं चल पाया है। एसपी रोहित मालपानी ने बताया कि शराब और वाहन को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। शराब कहां से आई और कहां सप्लाई होनी थी इसका पता लगाया जा रहा है। जांच के बाद ही इसका खुलासा हो सकेगा।