नाहन (सिरमौर)। कोरोना संक्रमण से उपमंडल पांवटा साहिब क्षेत्र के 85 वर्षीय बुजुर्ग का सोमवार को मेडिकल कॉलेज नाहन में निधन हो गया। बुजुर्ग मेडिकल कॉलेज में गुर्दे और दमा की तकलीफ से बीते चार-पांच दिनों से उपचाराधीन था। बीमारी की हालत में बुजुर्ग का कोरोना सैंपल भी लिया गया, जो पॉजिटिव मिला।
सोमवार को मरीज की नाजुक हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज में तैनात चिकित्सक ने उसे आईजीएमसी शिमला भी रेफर कर दिया लेकिन इसी बीच उसने दम तोड़ दिया।
मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. श्याम लाल कौशिश ने कोरोना संक्रमण से बुजुर्ग की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह ही मरीज का निधन हुआ जिसे आईजीएमसी शिमला रेफर किया जा रहा था।
------
कोविड अस्पताल में 18 मरीज दाखिल
नाहन (सिरमौर)। डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन के कोविड अस्पताल में 18 कोरोना संक्रमित मरीज उपचाराधीन हैं। मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. श्याम लाल कौशिक ने बताया कि कोविड अस्पताल में 18 मरीज दाखिल हैं।
सभी मरीजों का चिकित्सकों की देखरेख में उपचार चल रहा है। उन्होंने लोगों से कोविड नियमों का पालन करने की अपील की है।
-----
धगेड़ा स्वास्थ्य खंड में नौ केंद्रों पर आज लगेगी को-वैक्सीन
नाहन (सिरमौर)। स्वास्थ्य खंड धगेड़ा के अंतर्गत मंगलवार को 15 से 18 वर्ष की आयु वर्ग के किशोरों को नौ केंद्रों पर को-वैक्सीन लगाई जाएगी। जिन किशोरों को पहली डोज नहीं लगी है, उन्हें पहली और जिन्हें पहली डोज लग चुकी है, उन्हें दूसरी डोज लगाई जाएगी।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोनीषा अग्रवाल ने बताया कि एक फरवरी को टीकाकरण केंद्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पंजाहल, बिरला, आदर्श विद्या निकेतन स्कूल नाहन, शिशु विद्या निकेतन स्कूल नाहन, कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाहन, शमशेर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाहन, बेचड़ का बाग, पालियो और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मोगीनंद में किशोरों को को-वैक्सीन लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि किशोरों को दूसरी डोज पहली वैक्सीन लगने के 28 दिनों बाद लगेगी।
...........
दो फरवरी को यहां लगेगी वैक्सीन
बीएमओ डॉ. मोनीषा अग्रवाल ने बताया कि दो फरवरी को डीएवी नाहन, कौलांवालाभूड़, विक्रमबाग, कालाअंब, सुरला, बनेठी, चाकली, निहोग, जाबल का बाग, वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनकला, उच्च पाठशाला बनकला-2, मालोंवाला, रामा, धौण एवं कमलाड़ स्कूलों में वैक्सीन लगाई जाएगी।
..........