अमर उजाला ब्यूरो
नाहन/नौहराधार (सिरमौर)। जनपद सिरमौर की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार पर सीजन का सोमवार को तीसरा हिमपात हुआ। इससे निचले क्षेत्रों में भी ठिठुरन बढ़ गई है। सोमवार शाम ऊपरी क्षेत्रों में मौसम ने अचानक करवट बदली। चूड़धार चोटी पर हल्के हिमपात के साथ-साथ नौहराधार इलाके में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। इससे जिले के मैदानी इलाके भी ठंड की चपेट में आ गए हैं। हालांकि, दिनभर ऊपरी इलाके में धूप खिली रही। शाम के समय अचानक मौसम खराब हुआ और चोटी पर ताजा हिमपात के साथ साथ लगते निचले इलाकों में ओलावृष्टि शुरू हो गई। उधर, चूड़ेश्वर सेवा समिति के अध्यक्ष बाबूराम शर्मा ने बताया कि पांच बजे के बाद क्षेत्र में मौसम खराब हो गया। चोटी पर डेढ़ इंच तक बर्फबारी हुई है। चूड़धार में तीन सप्ताह के भीतर यह तीसरा हिमपात है। बर्फबारी और ओलावृष्टि से गिरिपार क्षेत्र के तापमान में अचानक भारी गिरावट आ गई है। गिरिपार क्षेत्र के कई इलाकों में शाम पांच बजे करीब तेज हवाएं चलने के साथ बारिश की हल्की बौछारें गिरीं।
मटर की फसल प्रभावित, बिजली रही गुल
ओलावृष्टि के कारण नौहराधार के ऊंचाई वाले इलाकों में मटर की नकदी फसल को भारी नुकसान हुआ है। खेतों में तैयार मटर की फसल को ज्यादा नुकसान पहुंचा है। मौजूदा समय में मटर का तुड़ान कार्य चल रहा है। करीब दस मिनट की ओलावृष्टि ने किसानों की तीन माह की मेहनत पर पानी फेर दिया है। क्षेत्र में सैकड़ों गांवों में चार बजे के बाद बिजली गुल हो गई। शाम सात बजे तक भी बिजली बहाल नहीं हो पाई थी। बिजली गुल होने के कारण लोगों को ठंड में ठिठुरने के लिए विवश होना पड़ा।