ददाहू (सिरमौर)। रेणुका-संगड़ाह मार्ग पर वीरवार देर रात एक पिकअप के गहरी खाई में गिर जाने से उसमें सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सिविल अस्पताल ददाहू में भर्ती किया गया है। इनमें से दो की हालत नाजुक होने पर उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया गया है। पांचों घायल एक ही परिवार के हैं जो मक्की की कटाई करके अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान खेगवा के निकट उनकी गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी। पिकअप में कुल आठ लोग सवार थे। इस दुर्घटना में घायल हुए पांचों लोग पिकअप में सवार थे। संगड़ाह पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक बाउनल निवासी अमर सिंह (44), उसकी पत्नी तारा देवी, भाभी शांति देवी और दो बेटे संजय (17) व सुनीत लवारा (14) टिकरी से मक्की की खुदाई कर अपने घर लौट रहे थे कि खेगवा के समीप चालक गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा। इससे गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी। पिकअप में बैठे ये सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से अमर सिंह, उसकी पत्नी तारा देवी और शांति देवी की हालत नाजुक होने पर उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई के लिए रेफर कर दिया गया है जबकि अन्य तीनों का उपचार ददाहू अस्पताल में किया जा रहा है। जीप में चालक सहित आठ लोग सवार थे। तीन लोग जो पिकअप में आगे बैठे थे, उन्हें कोई चोट नहीं आई है। डीएसपी संगड़ाह अनिल दोल्टा ने कहा कि चालक के खिलाफ धारा 279 और 337 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
घायलों के नहीं मिली 108 की सुविधा
सिविल अस्पताल ददाहू की 108 एंबुलेंस खराब होने के कारण घायलों को 108 की सुविधा नहीं मिली। वीरवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि के दौरान सभी पांचों घायलों को निजी वाहनों की सहायता से सिविल अस्पताल ददाहू तक लाया गया जबकि दो घायलों को भी निजी वाहनों के जरिये ही पीजीआई चंडीगढ़ तक पहुंचाया गया। 108 की सेवा न मिलने के कारण घायलों और तीमारदारों को करीब डेढ़ घंटे देरी से अस्पताल पहुंचना पड़ा।