अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना की निगरानी, समस्याओं के निवारण तथा सुझाव के लिए गठित संसदीय समिति ने सोमवार को सांसद द्वारा जिला में करवाए गए विकास कार्यों का निरीक्षण किया। लोकसभा उपाध्यक्ष एवं अध्यक्ष संसदीय समिति डॉ. एम थंबी दुरई व उनके साथ आए सात सदस्यीय दल ने यह निरीक्षण किया। इस मौके पर पंावटा के विधायक सुखराम चौधरी व उपायुक्त सिरमौर ललित जैन ने उनका स्वागत किया।
डॉ. एम थंबी दुरई ने कहा कि सांसद सदस्यों द्वारा समुदाय की बेहतरी के उद्देश्य से कार्यों की सिफारिश की जाती है। इसके अंतर्गत सड़कों, विद्युत, पेयजल, सिंचाई, स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर महसूस की गई जरूरतों पर आधारित टिकाऊ सामुदायिक परिसंपत्तियों के सृजन पर बल दिया जाता है तथा इन कार्यों का कार्यान्वयन जिला प्राधिकारियों द्वारा संबंधित राज्य सरकारों के वित्तीय, तकनीकी और प्रशासनिक नियमों के अनुसार किया जाता है।
लोकसभा सदस्य विरेंद्र कश्यप ने समिति का स्वागत करते हुए कहा कि सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत किए जा रहे विकास कार्यों को पूरी पारदर्शिता के साथ कार्यान्वयन किया जा रहा है। इस अवसर पर संसदीय समिति के सदस्य, सांसद दलीप कुमार मनसुख गांधी, मो. बदरूदोजा खान, अर्जुन लाल मीना, दलीप पटेल, मुकेश राजपूत, सत्यपाल सिंह के अतिरिक्त लोकसभा सचिवालय के निदेशक एके श्रीवास्तव, उप सचिव सी कल्याण सुंदरम, रिपोर्टिंग ऑफिसर विकास कुमार चौहान, निजी सचिव अजय सिंह, एसडीएम पांवटा एलआर वर्मा के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। इस दौरान उन्होंने एमपीलैंडस के तहत किए गए पांवटा के भांटावाली तथा पीपलीवाला में सिंचाई योजना के लिए स्थापित ट्यूबवेल, पुरूवाला में बीज वितरण केन्द्र जबकि सराहां में इंटरलॉक टाईल्स के कार्यों का निरीक्षण भी किया।
-----------