पांवटा साहिब (सिरमौर)।नगर परिषद पांवटा के खेल मैदान में प्रथम मां त्रिपुर बाला सुंदरी सहस्रचंडी महायज्ञ व श्रीमद्देवी भागवत पुराण कथा आयोजन शुरू हो गया है। 30 अक्तूबर तक रोज पांवटा में आस्था की ब्यार बहेगी।
गुरु की नगरी पांवटा में कलश यात्रा के साथ धार्मिक आयोजन का शुभारंभ हुआ।
धार्मिक आयोजन का शुभारंभ धौलीढांग गुरासा से पहुंचे श्री श्री 1008 पूर्णानंद महाराज ने किया। श्री मेंहदीपुर बाला जी महाराज सेवा समिति पांवटा के पुनीत भारद्वाज, विकास बंसल, विकास दीक्षित, आनंद, मयंक चौहान व कमल गुप्ता ने कहा कि पांवटा समिति को प्रथम बार मां यमुनाजी के तट पर खेल मैदान में इस तरह का आयोजन करवाने का सौभाग्य मिल रहा है।
मंगल कलश यात्रा देईजी साहिबा मंदिर से पांवटा मैदान तक निकाली गई। मंगलवार से प्रतिदिन सुबह 7 बजे से देवपूजन, अर्चन यज्ञ, दोपहर को 2 से शाम 5 बजे तक श्रीमद्देवी भागवत कथा तथा सांय 6 से 7 बजे तक यज्ञशाला में आरती होगी।
अनुष्ठान में आध्यात्मिक व भौतिक जगत की पूर्ति के लिए मां शाकुंभरी देवी, वाराणसी, अयोध्या जी, उज्जैन, वृंदावन मथुरा, चित्रकुट, नरवर व नवशक्ति पीठों से पहुंचे उच्च कोटी के ब्राह्मणों द्वारा मां जगदंबा व अन्य देवताओं का अर्चन वंदन पूजन यज्ञमानों द्वारा किया जा रहा है जिससे देवभूमि सिरमौर के लोगों को मां की आराधना, उपासना व भगवती के चरित्रों को श्रवण करने का अवसर प्राप्त होगा। जबकि 30 अक्तूबर को दोपहर 12 बजे मां अन्नपूर्णा प्रसाद भंडारा होगा। कार्यक्रम में पांवटा के समस्त धार्मिक संस्थाओं, महिला मंडल, नप कमेटी, प्रेस क्लब व पुलिस-प्रशासन का सहयोग मिल रहा है।