राजगढ़/सराहां ( सिरमौर)। जनपद सिरमौर की ग्राम पंचायत कोटला मांगन के एक युवक ने भलटा मछेर पंचायत के भलटा गांव में आम के पेड़ से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। इससे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि युवक ने प्रेम प्रसंग के चलते यह कदम उठाया। परिजनों ने किसी पर शक भी नहीं जताया है। लिहाजा, पुलिस ने आत्महत्या का मामला दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कोटला मांगन के काटलिया निवासी देवी दत्त (23) ने भलटा गांव में एक आम के पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। गांव के लोगों ने शनिवार को युवक को आम के पेड़ पर झूलता हुआ देखा। इसकी सूचना पंचायत प्रधान रूपेंद्र को दी गई। पंचायत प्रधान ने इसकी सूचना पच्छाद थाने में दी। शनिवार दोपहर को इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय अस्पताल लाया गया। बताया जा रहा है कि युवक अक्सर उस इलाके में जाता था। युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। मौके से पुलिस को किसी तरह का सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। डीएसपी दुष्यंत ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।