हाब्बन सड़क पर आधा घंटा थमे रहे पहिये
राजगढ़ (सिरमौर)। राजगढ़ के हाब्बन क्षेत्र में लोगों की लापरवाही आम जनता और पुलिस के लिए सिरदर्द बन गई है। लोग सड़कों पर बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े कर रहे हैं। इससे जाम की नौबत आ रही है। शनिवार को भी हाब्बल में न्यायिक दंडाधिकारी कोर्ट के नीचे आधा घंटा जाम लगा रहा। इससे दूसरे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यातायात भी बुरी तरह से प्रभावित रहा। गौरतलब है कि राजगढ़ पुलिस ने इन दिनों यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए चालान काटने का अभियान चला रखा है। राजगढ़ पुराने बस अड्डे पर यह मुहिम रंग भी लाई है लेकिन हाब्बन सड़क पर अब भी लोग बेतरतीब वाहन खड़े कर रहे हैं। इससे जाम लग रहा है और यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उधर, डीएसपी दुष्यंत सरपाल ने कहा कि हाब्बन मार्ग पर एक ओर वाहन खड़े करने की अनुमति दी गई है। यदि दोनों ओर वाहन खड़े किए जा रहे हैं तो उचित कार्रवाई की जाएगी।