यातायात पुलिस जवान की वर्दी में लगेंगे कैमरे, उलझे तो पड़ेगा भुगतना
पांवटा-कालाअंब की पीसीआर वैन भी कैमरों से लैस
पुलिस कर्मियों से उलझने वालों की होगी रिकार्डिंग
संजय भारद्वाज
नाहन (सिरमौर)। हरियाणा और उत्तराखंड की सीमा से सटे सिरमौर जिले की स्मार्ट पुलिस अब हाईटेक हो रही है। ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों के साथ ड्यूटी के दौरान उलझने वाले आम लोग और आम लोगों से उलझने वाले ट्रैफिक पुलिस कर्मी अब बच नहीं सकेंगे। इसके लिए सिरमौर पुलिस ट्रैफिक जवानों का बॉडी वार्न कैमरे दे रही है। यह कैमरे जवानों की वर्दी में लगाए जाएंगे। ट्रैफिक ड्यूटी के दौरान इनके पहनने से पुलिस को यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना आसान होगा। वहीं, पुलिस की पीसीआर वैन में भी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे पुलिस की पेट्रोलिंग में और सुधार होगा।
हिमाचल प्रदेश पुलिस अब हाईटेक तकनीक अपना रही है। इसी कड़ी के तहत सिरमौर पुलिस बॉडी वार्न कैमरों से लैस होगी। अमूमन देखा गया है कि यातायात ड्यूटी के दौरान लोग पुलिस कर्मचारियों के साथ उलझ जाते हैं। वहीं, पुलिस कर्मचारी भी कई बार लोगों से बदसलूकी कर बैठते हैं लेकिन, अब ऐसा नहीं होगा। पुलिस से उलझने वालों के खिलाफ पुलिस यातायात नियमों के साथ ही ड्यूटी में बाधा पहुंचाने पर भी कार्रवाई कर सकेगी। पुलिस कर्मियों से उलझने वालों की हरकतें कर्मचारियों की जैकेट या कमीज में लगे बॉडी वर्न कैमरे में कैद हो जाएगी। पुलिस नवरात्र से इसका आगाज करेगी। नवरात्र की शुभ बेला पर बालासुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में लगने वाले मेले के दौरान ट्रैफिक ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को यह कैमरे पहनाए जाएंगे। उधर, पांवटा और कालाअंब में लगी पीसीआर वैन में भी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों से पेट्रोलिंग में आसानी होगी। खास यह है कि इन कैमरों को सीधा मोबाइल से लिंक किया गया है। पुलिस की पेट्रोलिंग जिला मुख्यालय में बैठे आला अधिकारी अपने मोबाइल में आसानी से देख सकेंगे यानी पेट्रोलिंग के दौरान कर्मचारी अब कोताही नहीं बरत सकेंगे।
पांवटा और कालाअंब की पीसीआर वैन कैमरों से लैस हो गई है। यह मोबाइल से कनेक्ट है। अधिकारी अपने मोबाइल पर देख सकेंगे कि पीसीआर वैन कहां और किस तरफ पेट्रोलिंग कर रही है। पुलिस को चकमा देकर भागने वालों का पीछा करने पर भी उनकी गतिविधियां उसमें कैद हो सकेंगी। नवरात्र मेले में ट्रैफिक जवान बॉडी वर्न कैमरे पहनेंगे। इससे ड्यूटी में आसानी होगी।- रोहित मालपानी, पुलिस अधीक्षक सिरमौर