नाहन/राजगढ़/सराहां/सतौन/नौहराधार/कालाअंब (सिरमौर)। जिले में कुछ घंटों की बारिश ने खूब कहर बरपाया। इससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। डेढ़ दर्जन से अधिक सड़कें बंद होने से एचआरटीसी की एक दर्जन के करीब बसें जिले के दुर्गम क्षेत्रों में फंसी रहीं। इसके अलावा सैकड़ों छोटे और बड़े वाहन भी सड़कों के दोनों तरफ फंसे रहे। इससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गंतव्य तक पहुंचने के लिए यात्रियों को कई किलोमीटर तक पैदल सफर तय करना पड़ा। बारिश के चलते राजगढ़-सोलन सड़क गिरिपुल के समीप घंटों बंद रही। संगड़ाह-पालर-बोगधार, संगड़ाह-हरिपुरधार, रेणुका-सतौन-चांदनी, कौलांवालाभूड़-सराहां, कौंथरों-कालाअंब, मातर-भेड़ों, नाहन-बिरला, नाहन-महीपुर-नेहरस्वार, कालाअंब-त्रिलोकपुर, कालाअंब-पांवटा एनएच आदि सड़कों पर घंटों आवाजाही ठप रही। इसके अलावा चनालग-सराहां-सोलन, सराहां-परवाणु, सराहां-चमेंजी, सराहां-डिंगर किन्नर, सराहां-डिलमन-सोलन, सराहां-मेहंदो बाग समेत पच्छाद में चलने वाली सभी बसें बंद हो गई हैं। इसके अलावा कुमारहट्टी-सराहां-नाहन नेशनल हाईवे भी पानवां से जोहडजी के बीच दर्जनों जगहों पर भारी मलबा और पत्थर आने से करीब तीन घंटे बंद रहा। बारिश ने राजगढ़ क्षेत्र की सड़कों पर भारी कहर बरपाया। सड़कों पर भारी भूस्खलन के कारण लोगों को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ीं। कई जगह सड़कें रात को ही बंद हो गई थीं। ऐसे में वाहन चालकों को सुबह तक सड़कें खुलने का इंतजार करना पड़ा। उधर, एचआरटीसी नाहन के बस अड्डा प्रभारी रमेश धीमान ने बताया कि सड़कें बंद होने से निगम को एक दिन में डेढ़ लाख रुपये तक का नुकसान पहुंचा है। एक दर्जन के करीब बसें जिले के विभिन्न हिस्सों में फंसी रहीं। बसों को वहीं तक भेजा जा रहा है, जहां तक सड़क दुरुस्त है।
मलबे के साथ पिकअप खाई में गिरी
राजगढ़ के साथ लगे शिरगुल मंदिर के समीप खड़ी एक पिकअप मलबे के साथ खाई में गिर गई। पिकअप को रात के समय सड़क के किनारे खड़ा किया गया था। सुबह देखा तो पिकअप खाई में गिरी पाई गई। इससे जीप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
सड़कों पर बाढ़ जैसी स्थिति
जिले की कई सड़कों पर बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। सोलन-मीनस सड़क पर नौहराधार के समीप कंडा नाले में आई भारी बाढ़ के चलते सैकड़ों वाहन दोनों तरफ फंसे रहे। सड़कों पर तेजरफ्तार से बह रहे नाले के बहाव के आगे से गुजरना खतरे से खाली नहीं है। बीते दिनों भी यहां से गुजर रही एक बाइक नाले के पानी की चपेट में आने से खाई में गिर गई। गनीमत यह रही कि सवार ने अपनी जान बचा ली। इसके अलावा भी कई सड़कों पर नाले के पानी का कहर जारी है। वाहन चालक जान को जोखिम में डालकर पानी के तेज बहाव के बीच क्रॉस कर रहे हैं।
स्कूलों में आज भी रहेगा अवकाश
जिला सिरमौर के निजी और सरकारी स्कूलों में मंगलवार को भी अवकाश घोषित किया गया है। उपायुक्त सिरमौर ने सभी स्कूलों को यह आदेश जारी कर दिए हैं। शिक्षा उपनिदेशक उमेश बहुगुणा ने बताया कि सिरमौर के सभी स्कूलों में मंगलवार को अवकाश रहेगा। उन्होंने बताया कि इसके बारे में स्कूल प्रबंधकों को भी अवगत करवा दिया है। भारी बारिश के पूर्वानुमान के चलते सरकार ने यह फैसला लिया है।
किसानों-बागवानों को भारी नुकसान
भारी बारिश से जिले के किसानों और बागवानों की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। सड़कें बंद होने के कारण कई किसान अपनी फसलों को बाजार तक नहीं पहुंचा पाए। कई किसानों ने अपनी सब्जियों को मंडियों तक पहुंचाने के लिए ट्रांसपोर्टर की गाड़ियों में भिजवाया। लेकिन गाड़ियां सड़कों के किनारे फंसी रहीं। इससे सब्जियों के सड़ने का खतरा बना हुआ है। वहीं, खेतों में भी बारिश से टमाटर, शिमला मिर्च, गोभी और फ्रासबीन को नुकसान हुआ। बारिश से टमाटर की तैयार फसल खेतों में ही झड़ गई। सिरमौर जिले के पच्छाद और गिरिपार आदि क्षेत्रों में टमाटर समेत शिमला मिर्च का यही हाल हुआ है। इसके अलावा नौहराधार और राजगढ़ आदि क्षेत्रों में सेब भी बारिश से झड़ गए।