अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
जेबीएल डांस स्टूडियो नाहन में सोमवार को मिसेज इंडिया हिमाचल के ऑडिशन लिए गए। ऑडिशन के दौरान 15 महिलाओं ने भाग लिया। इस मौके पर 27 और 28 मार्च को जिला सोलन के कसौली में आयोजित होने वाली मिसेज इंडिया की राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए 8 महिलाओं का चयन किया गया।
मनीषा ठाकुर व स्नेहिल माहेश्वरी क्लासिक वर्ग के लिए चयनित की गई। इसके अलावा मुख्य श्रेणी के लिए प्रीति, अमृता, विनीता, मनीषा, दीक्षा व निशा का सेमीफाइनल के लिए चयन किया गया। ऑडिशन के आयोजक मोनिंदर सिंह ने बताया कि हिमाचल फिल्म सिटी के बैनर तले ऑडिशन लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि महिलाओं को मार्च माह में होने वाले राज्यस्तरीय सेमीफाइनल के लिए चयनित किया गया है।
इस प्रतियोगिता में कैटवाक स्पर्धाएं होंगी। इसके अलावा महिलाओं की क्रिएटिविटी संबंधी प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। इस मौके पर मिस मरियम, पदम वर्मा, मोनिंदर सिंह व ज्योति यादव ने जज की भूमिका निभाई।
---------