अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
पेंशनर वेलफेयर समिति की पांवटा इकाई की एक बैठक शुक्रवार को आयोजित हुई। स्थानीय विश्राम गृह में समिति के अध्यक्ष डॉ. विपन कालिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में लंबित मेडिकल बिलों व भत्ता बढ़ोतरी का मूल वेतन में शामिल करने समेत विभिन्न मांगों पर चर्चा की गई।
बैठक में पांवटा विधानसभा के विधायक सुखराम चौधरी भी पहुंचे। इस मौके पर पेंशनर संघ ने सर्वप्रथम नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व पांवटा के विधायक सुखराम चौधरी को बधाई दी। विधायक ने पेंशनरों की विभिन्न मांगों को प्राथमिकता पर रखने का आश्वासन दिया।
बैठक में प्रदेश सरकार का सरकारी कर्मचारियों के साथ पेंशनरों को भी 3 फीसदी महंगाई भत्ता देने पर आभार जताया। इसके बाद बैठक में वक्ताओं ने लंबे समय से चली आ रही मांग 5, 10 व 15 फीसदी भत्ता बढ़ोतरी जो 65, 70, 75 वर्ष आयु के पेंशनरों को मिलनी है, उसको मूल पेंशन में शामिल करने की मांग उठाई। इसके अलावा सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने लंबित पड़े मेडिकल बिलों की जल्द अदायगी की मांग भी रखी।
डॉ. विपन कालिया ने बताया कि संघ की अगली बैठक 4 फरवरी को होगी। इस बारे बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया है। इस बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। इस चुनावी बैठक में सभी सदस्यों को शामिल होने का आग्रह किया गया। इस अवसर पर आरएस परमार, पीसी शर्मा, विजय पाल सिंह, वेद सिंह वर्मा, एमएल गुप्ता, केके चड्ढा, रविंद्र कुमार, टीपी सिंह व सुधा कालिया समेत पेंशनर संघ पांवटा इकाई के सदस्य मौजूद रहे।